हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की संदिग्ध हालात में मौत, बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप

सोनीपत/पानीपत : हरियाणवी मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की लाश सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र में नहर से बरामद हुई है। मॉडल की पहचान उसके हाथ और छाती पर बने टैटू के आधार पर की गई। पुलिस ने मामला हत्या का मानते हुए बॉयफ्रेंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

शीतल मूल रूप से पानीपत जिले के मतलौडा की रहने वाली थी। वह शनिवार (14 जून) को एक शूटिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसी दिन उसकी बहन नेहा को फोन कर बताया था कि उसका बॉयफ्रेंड उसे पीट रहा है और जबरन कार में बिठाकर ले जा रहा है। इसके कुछ देर बाद कॉल कट हो गई और शीतल का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

सोमवार सुबह सोनीपत के खरखौदा में एक युवती की लाश नहर में तैरती हुई मिली। डीएसपी सतीश वत्स ने पुष्टि की कि लाश शीतल की ही है। शव पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

इससे पहले रविवार सुबह शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील की कार दिल्ली पैरलल नहर में डूबी हुई मिली थी। सुनील तैरकर बाहर निकल आया था, लेकिन शीतल का कोई पता नहीं चल पाया था। इसके बाद परिजनों ने मतलौडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन शीतल एक कार्यक्रम या शूटिंग के सिलसिले में गई थी, वहीं से सुनील उसे अपनी कार में बैठाकर ले गया। परिजनों ने पहले भी सुनील के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसकी पुलिस अब पुष्टि कर रही है।

परिजनों ने शीतल की हत्या के लिए सीधे तौर पर सुनील को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर जल्द ही मामले की तह तक पहुंचा जाएगा और दोषी को सजा दिलाई जाएगी।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *