कांग्रेस के समय में जिस कॉपरेटिव सोसायटी से किसानों का उठा था विश्वास, उसका करेंगे सुदृढ़ीकरण : मुख्यमंत्री

हिसार बाईपास के निर्माण को मुख्यमंत्री ने दी मंज़ूरी

चंडीगढ़,1 अक्तूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों के लिए बनाई गई कॉपरेटिव सोसायटी के सुदृढ़ीकरण को लेकर योजनाएं बनाई गई हैं। कांग्रेस के समय में जो कॉपरेटिव सोसायटी पर से किसानों का विश्वास उठ गया था, उसे दोबारा से बहाल करने की दिशा में काम होगा। जल्द ही इसके नये मेंबर बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ—साथ ऑनलाइन भी किया जाएगा। ताकि किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री आज हरियाणा निवास में पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। इस दौरान कांग्रेस नेतृत्व द्वारा विपक्ष के नेता की कमान पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिये जाने पर उन्होंने कहा कि इसके लिए श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और श्री राहुल गांधी को बधाई, लेकिन सवाल यह है कि जब बनाना ही श्री भूपेंद्र हुड्डा को था तो इतनी देरी क्यों की।

श्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि इनकी नीति ठीक नहीं है, जनता के सरोकार से इनका कोई लेना देना नहीं है। एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल गुटों की कांग्रेस है। कांग्रेस में फूट हमेशा से रही है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीब को सशक्त करने का काम किया है, जबकि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने केवल खुद को मजबूत करने का काम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्टूबर को एक दिन के लिए हरियाणा दौरे पर आ रहे है। इस दौरान कुरुक्षेत्र और रोहतक में उनके कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई।

इस दौरान विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा , सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण बेदी और विधायक श्री रणधीर पनिहार भी मौजूद थे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *