राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष में दो महीने, 31 दिसंबर तक शहर और गांवों में आयोजित होंगे अलग-अलग कार्यक्रम – केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

चण्डीगढ, 18 अक्तूबर- केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिन के उपलक्ष में 2 महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इसके उपरांत 31 दिसंबर तक राष्ट्रीय एकता से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने यह जानकारी शनिवार को करनाल कर्णकमल कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 25, 26 और 27 अक्तूबर को गांवों और शहरों में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग व युवा शामिल होंगे, जो राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रन फॉर यूनिटी आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत 2 महीने यानी 31 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्य वितरित किए जाएंगे। इससे युवाओं में राष्ट्रीय एकता का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के लिए माई भारत पोर्टल पर युवाओं का रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में अनेकों अभियान चलाए, जो सफल रहे। इन अभियानों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छता अभियान जैसे अभियान शामिल हैं। अब राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए इस अभियान की शुरुआत हो रही है।

देश व प्रदेशवासियों को दी त्योहारों की शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने देश व प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज व अन्य त्योहारों की हार्दिक बधाई दी।

सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर दी शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, मंत्रियों व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता का धन्यवाद है, जिन्होंने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन में 200 रुपये की बढ़ोतरी की भी घोषणा की है। इसके साथ-साथ नवंबर महीने से लाडो लक्ष्मी योजना की लाभार्थी महिलाओं के खाते में 2100 रुपये जाना भी शुरू हो जाएंगी। सरकार की स्कीमों का पैसा डीबीटी से दिया जा रहा है। प्रदेश लगातार विकास कर रहा है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *