चंडीगढ़, 13 दिसंबर— हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि ओल्ड फरीदाबाद केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका घर है, जहां की गलियों में खेलते हुए, बुजुर्गों की उंगली पकड़कर उन्होंने चलना सीखा। ऐसे में इस क्षेत्र के विकास के प्रति उनका दायित्व और भी अधिक बढ़ जाता है।
श्री विपुल गोयल शनिवार को फरीदाबाद में महार्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन पुनः निर्माण एवं बस्सा पाड़ा में आरएमसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज वाल्मीकि मंदिर परिसर में लंबे समय से लंबित सामुदायिक भवन जिस पर लगभग 52.5 लाख रुपये की लागत से निर्माण प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस परियोजना के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार उसे भी उपलब्ध कराएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को एक आधुनिक और उपयोगी सामुदायिक भवन मिल सके। इसके साथ ही ओल्ड फरीदाबाद की विभिन्न गलियों के पक्कीकरण कार्य की भी शुरुआत की गई। इन कार्यों में 18.5 लाख रुपये और 22.5 लाख रुपये की लागत से दो प्रमुख गली विकास परियोजनाएं शामिल हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि ओल्ड फरीदाबाद के लिए आने वाला एक वर्ष विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा। चाहे अनाज मंडी क्षेत्र में नए अस्पताल की योजना हो, नए स्कूलों की स्थापना हो, पानी-बिजली की बेहतर व्यवस्था हो या जहां-जहां कच्ची सड़कें हैं, उन्हें पक्का करने का कार्य—इन सभी मोर्चों पर सरकार तेजी से काम करेगी। उन्होंने ओल्ड फरीदाबाद के ऐतिहासिक बराही तालाब के पुनरुद्धार की भी महत्वपूर्ण घोषणा की।
श्री गोयल ने बताया कि क्षेत्र में पार्कों की संख्या सीमित है, इसलिए मौजूदा पार्कों को और अधिक सुंदर व उपयोगी बनाया जाएगा। नई सब्जी मंडी में बनाई गई पार्किंग सुविधा को भी अगले एक-दो महीनों में शुरू किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। साथ ही बाजार क्षेत्र में स्नानघर एवं आधुनिक बाथरूम सुविधाओं के निर्माण का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।
