शारीरिक माप परीक्षण (PMT) हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित, 20,000 अभ्यर्थियों ने अब तक दिया परीक्षण

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य एवं नोडल अधिकारी श्री भूपेंद्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित शारीरिक माप परीक्षण (PMT) के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह द्वारा परीक्षा व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है तथा आयोग के दो सदस्य भी प्रतिदिन सुचारु रूप से प्रबंधन देख रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।

श्री चौहान ने बताया कि 20 से 30 अप्रैल के बीच लगभग 20,000 अभ्यर्थियों ने शारीरिक माप परीक्षण में भाग लिया है। वर्तमान में यह परीक्षण प्रक्रिया जारी है।

इस पूरी प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए लगभग 250 अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, अग्निशमन विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जीरकपुर बस स्टैंड से ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक सुबह 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बस सेवा उपलब्ध करवाई गई है। स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों के लिए विश्राम क्षेत्र (रेस्ट एरिया), पेयजल, टेंट तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, परीक्षा स्थल पर बैगेज जमा करने के लिए निःशुल्क काउंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहां अभ्यर्थी अपना सामान सुरक्षित रख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि एक अभ्यर्थी की पूरी प्रक्रिया में लगभग 40 से 45 मिनट का समय लगता है। अभ्यर्थियों को प्रवेश द्वार से निकास द्वार तक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

श्री चौहान ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि इस बार शारीरिक माप परीक्षण बायोमेट्रिक में आधार-आधारित है। जिन अभ्यर्थियों के आधार कार्ड में थंब इम्प्रेशन अपडेट नहीं है, उन्हें प्रक्रिया में अधिक समय लग सकता है। इसलिए वे पहले ही अपने आधार विवरण को अपडेट करवा लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षण के लिए चार समय निर्धारित किए गए हैं— सुबह 6:30 बजे, 8:30 बजे, 10:30 बजे तथा दोपहर 12:30 बजे। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर अंकित समय के अनुसार ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *