चंडीगढ़, 3 मार्च- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत 2 लाख 23 हजार 658 करोड़ 17 लाख रुपये का बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है, जो सरकार की बढ़ती विकास प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मंगलवार को जीन्द विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस बार 13 बैठकों के माध्यम से 2,199 सुझाव और ए.आई. चौटबॉट से 12,400 सुझाव प्राप्त हुए। इनमें से लगभग 5,000 सुझावों को बजट में शामिल किया है। यह लोकतांत्रिक और पारदर्शी शासन का उदाहरण है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 250 विद्यालयों को सीएम एक्सीलेंस एण्ड अरली इंग्लिश स्कूल के रूप में विकसित कर 25 करोड़ रुपये की लागत से अटल टिंकरिंग लैब स्थापित होंगी। उन्होंने कहा कि यह बजट शिक्षा को वैश्विक मानकों तक पहुंचाने का संकल्प है। राज्य सरकार का संकल्प है कि हमारे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, बेहतर सुविधाएं मिलें, कौशल विकास हो, खेल के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने बताया कि शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाने के लिए हर 10 किलोमीटर के दायरे में एक मॉडल संस्कृति विद्यालय स्थापित होंगे इसके अलावा 25 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शुरू किए जा चुके हैं। इसमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों से शिक्षा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हो पाएगी। इसमें साईंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स तथा नवाचार को बढ़ाने के लिए 15 और नई स्टेम लैब स्थापित की जाएगी जिनकी संख्या बढ़ाकर 600 तक की बढाई जाएगी।
