कांग्रेस की घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में जाती थीं, बीजेपी निभा रही हर वायदा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 31 मार्च (बलविंदर सिंह) – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में की गई घोषणाएं ‘डस्टबिन’ में चली जाती थी। लेकिन इसके विपरीत, वर्ष 2014 से अब तक बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हर संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए है। वर्तमान सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं,बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रिप इरिगेशन पर सिंचाई विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम को सांसद चौधरी श्री धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांव सांगवान निवासी पर्वतारोही श्री प्रवीण को सम्मानित भी किया

मुख्यमंत्री ने रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि तोशाम की यह धरती परिश्रम, त्याग और खेती-किसानी की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह को याद करते हुए हरियाणा के लिए किये गये कार्यो का जिक्र भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के बनने के समय ही विकास की नई इबारत लिखी थी। वे तोशाम-लोहारू के बालू रेत के टीलों पर लहलहाती फसल देखना चाहते थे। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने पांच दशक पहले, उस समय विश्व स्तर का लिफ्ट इरिगेशन कैनाल सिस्टम तैयार किया था। इसके परिणामस्वरूप, इस रेतीले क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के लिए पहली बार नहरी पानी पहुंचा और लोगों की किस्मत बदली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने जो हमें लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है, वह हमारे लिए गर्व का विषय होने के साथ एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। यह जनादेश हमें यह याद दिलाता है कि हमें और अधिक समर्पण के साथ काम करना है और हर उस वादे को पूरा करना है, जो हमने आपसे किया है। हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वायदों को डेढ साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 157 वायदों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नॉनस्टॉप डबल इंजन सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जमीन पर उतारकर दिखाया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं और उन्हें पारदर्शिता के साथ लागू किया है। भिवानी क्षेत्र के विकास में भी किसी भी तरह की कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। तोशाम हलके में किए गए काम काज का ब्यौरा भी मुख्यमंत्री ने इस बीच जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तोशाम हलके के विकास को गति देने के लिए वर्तमान सरकार के साढ़े 11 वर्षों के कार्यकाल में 283 सीएम अनाउंसमेंट हुई। इनमें से 258 का काम पूरा हो चुका है तथा शेष पर काम चल रहा है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *