सेवा पखवाड़ा के दौरान प्रदेश में 75 स्थानों पर नमो वन किए जाएंगे स्थापित: मंत्री राव नरबीर सिंह

चंडीगढ़, 16 सितंबर– हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा और इस दौरान व्यापक स्तर पर 75 स्थानों पर नमो वन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

मंत्री आज यहां सेवा पखवाड़ा को लेकर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जानकारी दी गई कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में 4 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है और इसे पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के पोर्टल मेरी लाइफ पर अपलोड किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 19 सितंबर की बीड, हिसार में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रालय के कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को दीन दयाल उपाध्याय जयंती पर सभी जिला वन अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में स्व्च्छता पर विशेष कार्यक्रम चलाएं और ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ शीर्ष वाक्य के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दें।

बैठक में जानकारी दी गई कि विभाग द्वारा पखवाड़ा के दौरान 4 मोबाइल प्रचार वाहन भी अभियान का डिजिटल वाल के माध्यम से प्रचार-प्रसार करेंगे। इस पर मंत्री ने प्लास्टिक पर एक वीडियो अपलोड करने के भी निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र को हरा-भरा बनाना सरकार का लक्ष्य है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अरावली क्षेत्र में जंगल सफारी बनाने के सपने को साकार करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जंगल सफारी के लिए इस क्षेत्र के विशेषज्ञों से इंट्री मांगी जाए।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *