फसल खरीद सुनिश्चित करना और समय पर भुगतान करवाना सरकार की प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

चंडीगढ़ (बलविंदर सिंह): हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा फसल खरीद को लेकर मंडियों में लागू की गई नई व्यवस्थाएं पूरी तरह से किसानों के हित में हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य स्थानीय किसानों की फसल की पहले खरीद सुनिश्चित करना और उन्हें समय पर भुगतान दिलाना है, जिससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आए और किसानों के हित सुरक्षित रह सकें।

कैबिनेट मंत्री शनिवार को हिसार की अनाज मंडी में फसल खरीद कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंडी में अधिकारियों, किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। साथ ही उनकी कई प्रकार की शंकाओं का भी निवारण किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना है कि हमारे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मंडियों में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से लागू की गई हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

मंत्री रणबीर गंगवा ने खरीद एजेंसियों और मंडी प्रशासन के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से ढिलाई बरती जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि खरीद प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए सरकार द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। सरकार के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा भी प्रत्येक मंडी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *