गन्ने का एसएपी बढ़ाने पर किसानों ने कृषि मंत्री का जताया आभार

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर – हरियाणा सरकार द्वारा गन्ने के राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) में ₹15 प्रति क्विंटल की वृद्धि के निर्णय से पूरे प्रदेश के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई इस घोषणा के बाद हरियाणा अब गन्ने का देश में सबसे अधिक मूल्य देने वाला राज्य बन गया है। अब शुरुआती किस्म के गन्ने का एसएपी ₹400 से बढ़ाकर ₹415 प्रति क्विंटल और देर से पकने वाली किस्म का मूल्य ₹393 से बढ़ाकर ₹408 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसान संगठनों के अनेक प्रतिनिधियों ने आज कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

आभार व्यक्त करने वालों में किसान मोर्चा के सचिव विनोद राणा, किसान मोर्चा हरियाणा के उपाध्यक्ष मंदीप विर्क, विकास अमूपुर, अरुण समालखा, कुलदीप, विजय कम्बोज, संदीप कुमार, अर्जुन खजुरी, सतपाल टोहाना, बिट्टू कम्बोज (टोहाना) और मंगे राम शामिल थे। किसानों ने कहा कि यह फैसला त्योहारी सीजन से पहले लिया गया एक समयोचित कदम है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिरता बढ़ेगी।

किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ा हुआ एसएपी उनकी बढ़ती लागत को संतुलित करेगा और आर्थिक राहत प्रदान करेगा। किसान मोर्चा के सचिव विनोद राणा ने कहा कि यह हमारे लिए दीवाली का तोहफ़ा साबित हुआ है। सरकार ने साबित किया है कि वह किसानों के साथ खड़ी है। हम कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा के प्रयासों के लिए आभारी हैं। किसान मोर्चा हरियाणा के उपाध्यक्ष मंदीप विर्क ने कहा कि एसएपी में वृद्धि से किसानों को यह विश्वास हुआ है कि उनके परिश्रम की कद्र की जाती है और वे गन्ने की खेती जारी रखने के लिए प्रेरित होंगे।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा गन्ने के मूल्य में की गई बढ़ोतरी का यह निर्णय हमारी सरकार की इस दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि किसानों को उनके परिश्रम का सर्वोत्तम मूल्य मिले। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा किसानों के हितों की रक्षा और उनके विकास में अग्रणी राज्य बना हुआ है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *