कोलकाता (बलविंदर सिंह): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाना चाहती है। इसलिए पूरे बंगाल में BJP का जबरदस्त जन समर्थन दिख रहा है। मंगलवार को श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र से BJP प्रत्याशी के नामांकन पत्र दाखिल कराने के बाद पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने श्रीरामपुर में BJP प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो भी किया और लोगों से BJP को जिताने की अपील की।
ममता सरकार पर तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने BJP प्रत्याशी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बंगाल में कम्युनिस्टों ने लगातार लोगों का शोषण किया। बड़ी उम्मीदों के साथ ममता बनर्जी की सरकार बनी, लेकिन इस सरकार ने कम्युनिस्टों से भी ज्यादा अत्याचार किए हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने अब BJP सरकार बनाने का मन बना लिया है। यहां न रोजगार है, न किसान अपनी फसल MSP पर बेच पा रहे हैं, न उन्हें उचित दाम मिल रहे हैं। महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। ममता सरकार के कुशासन ने आम जनता को त्रस्त कर दिया है।
ममता सरकार ने किया सामाजिक-आर्थिक ताना-बाना नष्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया, जिससे हमारा आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक ताना-बाना चूर-चूर हो गया। भ्रष्टाचार में डूबी ममता सरकार सादगी का ढोंग करती है, लेकिन उसके राज में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। BJP सरकार ने अब तक 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। BJP की नीतियों से गरीबों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है।
बंगाल में केंद्र की एक भी योजना लागू नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं चलाईं, लेकिन पश्चिम बंगाल में राजनीतिक पूर्वाग्रह के कारण आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि जैसी कोई भी योजना लागू नहीं हुई। नतीजा—बंगाल में गरीबी बढ़ रही है, इसलिए लोग ममता सरकार को उखाड़ फेंकना चाहते हैं।
रोड शो में लोगों में उत्साह
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोड शो के दौरान लोगों का जोश और ऊर्जा देखने लायक थी। यहां के लोग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बंगाल का विकास चाहते हैं। उद्योग बंगाल से पलायन कर गए, नौजवानों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ रहा है। बंगाल के युवा सरकार से त्रस्त हैं, राज्य में भय और भ्रष्टाचार चरम पर है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में गरीब परिवारों को घर मिल रहे हैं। BJP सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। विकसित भारत और विकसित बंगाल के लक्ष्य के साथ लोग BJP को भारी बहुमत देकर सरकार बनाएंगे। लोग विश्वास और सम्मान चाहते हैं, जो सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव है।
हरियाणा मॉडल का जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये, गरीबों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत से 27 लाख लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला, इस योजना पर अब तक 4000 करोड़ खर्च हो चुके हैं। BJP सरकार बनते ही बंगाल में सारी कल्याणकारी योजनाएं लागू होंगी।
हरियाणा CM नायब सिंह सैनी का पश्चिम बंगाल में बड़ा दावा, कहा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP सरकार बनाएगी
