हरियाणा मेडिकल काउंसिल ने 10 टीबी रोगियों को गोद लेकर किया पोषण किट वितरण, ‘निक्षय मित्र’ पहल को दी नई गति

निक्षय मित्र

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार द्वारा ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार सराहनीय कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सिंह के नेतृत्व में हरियाणा के स्वास्थ्य महानिदेशक और हरियाणा मेडिकल काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. मनीष बंसल तथा हरियाणा मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. मनदीप सचदेवा ने संयुक्त रूप से 10 टीबी (क्षय रोग) रोगियों को ‘निक्षय मित्र’ के रूप में गोद लिया और उन्हें पोषण किट भी प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि, ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत ‘सामुदायिक सहायता कार्यक्रम’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य टीबी रोगियों को उपचार के दौरान अतिरिक्त पोषण और अन्य सहायता प्रदान करना है। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य टीबी के उपचार के परिणामों को बेहतर बनाना है। “टीबी को हराने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सामुदायिक भागीदारी भी बहुत महत्वपूर्ण है। हम सभी को मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए।

डॉ. मनदीप सचदेवा ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम न केवल मरीजों का इलाज करें, बल्कि उन्हें मानसिक और पोषण संबंधी सहायता भी प्रदान करें।

डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि ‘निक्षय मित्र’ पहल कार्यक्रम की शुरुआत 9 सितंबर 2022 को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य उपचाररत टीबी रोगियों को समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति, कॉर्पोरेट संस्था, गैर-सरकारी संगठन या समूह ‘निक्षय मित्र’ बन सकता है और टीबी रोगी को गोद लेकर उसके उपचार के दौरान सहायता कर सकता है। इसमें पोषण सहायता, अतिरिक्त नैदानिक परीक्षण, व्यावसायिक सहयोग और मानसिक संबल देने जैसे कार्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, उन्हें दवा समय पर लेने के लिए प्रेरित करना, उपचार पूरा करवाना, साथ ही समाज में व्याप्त कलंक और भेदभाव को कम करना हैं। इस पहल का सबसे बड़ा लक्ष्य है कि मरीज को बीमारी से लड़ने की शक्ति मिले और वह आत्मविश्वास के साथ उपचार पूरा कर सके।

उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य में ‘निक्षय मित्र’ पहल को व्यापक समर्थन मिल रहा है। वर्तमान समय में प्रदेश में 7,240 निक्षय मित्र सक्रिय हैं, जिन्होंने अब तक 75,957 टीबी रोगियों को पोषण किटें उपलब्ध कराई हैं। प्रदेश में कुल 2,33,597 पोषण किटों का वितरण किया जा चुका है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार और समाज मिलकर इस मुहिम को गति प्रदान कर रहे हैं।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *