महाराष्ट्र में भयानक हादसा, कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत

नासिक (गुरप्रीत सिंह): महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। मरने वालों में छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में हुई।

उन्होंने बताया कि ये सभी लोग इलाके में एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार कार्यक्रम स्थल के पास ही स्थित एक कुएं में गिर गई।

स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा आधी रात के आसपास दो क्रेन और तैराकों की मदद से कार एवं उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला।

अधिकारी ने बताया कि ये सभी लोग डिंडोरी तालुका के इंदौर गांव के दरगुडे परिवार के सदस्य थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह बच्चों के रूप में हुई है, जिनमें सात से चौदह वर्ष की आयु वर्ग की पांच लड़कियां और ग्यारह वर्षीय लड़का शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि शवों को डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में लाया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *