गुरदासपुर (गुरप्रीत सिंह): पंजाब पुलिस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर पाकिस्तान की ISI द्वारा संचालित एक खतरनाक आतंकी नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया। अमृतसर रूरल, गुरदासपुर पुलिस और SSOC अमृतसर की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी हैंडलर से जुड़े दो संदिग्धों को दबोच लिया गया।
पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक और हमले की तैयारी का सामान जब्त किया जिसमें 5 हैंड ग्रेनेड, 2 स्पेशल डेटोनेटर, PTT टाइमर (कोडर-डिकोडर के साथ), 9V बैटरी, 1 किलो नाखूनों से भरा हाई एक्सप्लोसिव शामिल हैं। साथ ही बाओफेंग वॉकी-टॉकी, केबल और ट्रिगर मैकेनिज्म भी मिला, जो बड़े हमलों की साजिश की ओर इशारा करता है।
गुरदासपुर के कलानौर थाने में एक्सप्लोसिव सब्सटांस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। जांच में विदेशी आकाओं और स्थानीय मददगारों के तार जोड़े जा रहे हैं। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में शांति बनाए रखने के लिए ये लगातार प्रयास जारी हैं।
पंजाब में हाल के महीनों में ISI से जुड़े कई ऐसे मॉड्यूल पकड़े गए हैं। सीमा सुरक्षा और खुफिया तंत्र ने नापाक साजिशों पर लगाम कस रखी है।
पंजाब में ISI का आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त: दो संदिग्ध गिरफ्तार, विस्फोटक पदार्थ बरामद
