कैथल में 13 जुलाई को होगी “कैथल हाफ मैराथन 2025”, विजेताओं को मिलेंगे 12 लाख रुपये तक के इनाम

चंडीगढ़, 30 जून — हरियाणा के कैथल जिले में 13 जुलाई को “कैथल हाफ मैराथन 2025” का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह आयोजन राज्य सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

इस हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक प्रतिभागी www.kaithalhalfmarathon.com वेबसाइट पर जाकर या स्कैनर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिता में कुल लगभग 12 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

मैराथन तीन श्रेणियों में आयोजित होगी—21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की प्रोफेशनल रेस तथा 5 किलोमीटर की फन रेस। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को ₹1.5 लाख, द्वितीय को ₹1.25 लाख और तृतीय को ₹1 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार, 10 किलोमीटर की दौड़ में विजेताओं को क्रमशः ₹1 लाख, ₹75 हजार और ₹50 हजार की राशि प्रदान की जाएगी।

पांच किलोमीटर की फन मैराथन में भाग लेने के लिए कोई पंजीकरण शुल्क नहीं रखा गया है, और इसमें कोई भी व्यक्ति नि:शुल्क भाग ले सकता है। वहीं, 21 किलोमीटर की रेस के लिए ₹1000 और 10 किलोमीटर के लिए ₹500 रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है। मैराथन का रूट शीघ्र ही घोषित किया जाएगा।

मैराथन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिभागियों को प्रोफेशनल रनिंग किट दी जाएगी जिसमें एक चेस्ट नंबर और टाइमिंग चिप शामिल होगी, जिससे परिणाम निष्पक्ष रूप से घोषित किए जा सकें। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे से दूर रहने का सामाजिक संदेश भी दिया जाएगा।

हरियाणा सरकार पहले भी कई जिलों में इसी प्रकार की मैराथन का आयोजन कर चुकी है, जिसने जनता में सकारात्मक असर डाला है। “कैथल हाफ मैराथन 2025” न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि यह समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और नशामुक्ति जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने का एक सार्थक प्रयास भी साबित होगा।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *