मुंबई (राजीव शर्मा): अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा ने भारतीय शेयर बाजार और मुद्रा को जबरदस्त बूस्ट दिया है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 50 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 92.56 के स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को ये 93.06 पर बंद हुआ था। ट्रंप के ईरान पर मिलिट्री एक्शन टालने के ऐलान से ग्लोबल रिस्क सेंटिमेंट में सुधार देखने को मिला।
विदेशी मुद्रा ट्रेडर्स बताते हैं कि सीजफायर खबर के बाद रिस्की एसेट्स में भारी खरीदारी हुई। एशियाई मार्केट्स हरे, डॉउ फ्यूचर्स ऊपर, गोल्ड-सिल्वर में रिकवरी और सबसे बड़ा असर ब्रेंट क्रूड पर—12.68 फीसदी की भारी गिरावट के बाद 95.42 डॉलर प्रति बैरल। मिडिल ईस्ट तनाव से 100 डॉलर को पार कर चुका ऑयल अब कंट्रोल में है।
इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया 92.92 पर खुला और जल्दी ही 92.56 तक चढ़ गया। डॉलर इंडेक्स 0.90 फीसदी लुढ़ककर 98.96 पर है।
भारत जैसे तेल इंपोर्टर के लिए ये बड़ी राहत है। युद्धविराम से कई देशों को राहत तो मिलेगा पर अभी यह सवाल बना हुआ है कि युद्धविराम के दौरान बातचीत से कोई हल मिलेगा या नहीं।
US-ईरान युद्धविराम से रुपये को मिली बड़ी राहत, शुरुआती कारोबार में 50 पैसे की तेजी
