चंडीगढ़ (बलविंदर सिंह) -हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रेवाड़ी जिला के गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस अवसर पर कि शहीद केवल किसी एक परिवार या गांव तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे देश की धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की पहचान ही अमर शहीदों से है, जहां हर घर से सैनिक और हर गांव से वीरों की गाथाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने शहीद कैलाश चंद की शहादत को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनकी यह शहादत सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।
आरती सिंह राव ने शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिवारजनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि रेवाड़ी जिला के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में एमबीबीएस की 50 सीटों को स्वीकृति मिल चुकी है। अब जल्द ही एम्स में ओपीडी शुरू करवाई जाएगी। वह जल्द ही एम्स का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगी। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही है। रोहतक पीजीआई में निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किए गए हैं।
इस अवसर पर बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार भी उपस्थित थे।
