बेरूत (राजीव शर्मा): लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को मध्य बेरूत और दूसरे इलाकों में इजराइल के हवाई हमलों से कम से कम 203 लोग मारे गए। हमलों में 1,000 से ज्यादा लोग घायल भी हुए। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जंग के पिछले पांच हफ्तों में ये एक दिन की सबसे भयावह तबाही साबित हुई।
इजराइली सेना ने दावा किया कि हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया गया लेकिन बिना चेतावनी के बस्तियों पर गिराए गए बमों ने घनी आबादी वाले बाजारों और रिहायशी इलाकों को तहस-नहस कर दिया। नतीजा—बड़े पैमाने पर बेगुनाहों का खून। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इन हमलों को “बर्बर” करार दिया।
शहर के कई कोनों से धुएं के गुबार उठते दिखे। आग की लपटों में फंसे लोग, मलबे के ढेर—दृश्य दिल दहला देने वाले। अस्पताल खून और दवाइयों की कमी से चीख रहे। इजराइल का कहना है कि ये हिजबुल्लाह की साजिशों का जवाब था, लेकिन आम नागरिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव चरम पर। ईरान के साथ अमेरिकी युद्धविराम के बावजूद इजराइल ने साफ कर दिया कि हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग अलग है। लेबनान ने अंतरराष्ट्रीय समाज से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
बेरूत में इजराइल के बेरहम हमलों का भयानक नतीजा: 203 की मौत, 1000 से ज्यादा घायल
