लाडवा की जनता मेरे परिवार जैसी, हर समस्या का मिलेगा समाधान: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 25 जून : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि लाडवा विधानसभा की जनता ने उन्हें विधायक बनाया और आज वे मुख्यमंत्री पद पर हैं, इसलिए लाडवा का प्रत्येक नागरिक उनका पारिवारिक सदस्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याएं तुरंत सुनी जाएं और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने बताया कि बीते चार महीनों में लाडवा क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को कुरुक्षेत्र जिला के गांव किशनपुरा के सामुदायिक केंद्र और गिरदारपुर के गुरुद्वारा में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में एक – एक ऐसे अस्पताल का निर्माण किया जाएगा जिसमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो, ताकि प्रदेश की जनता को सभी प्रकार का इलाज सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध हो। 15 अगस्त को इन अस्पतालों का उद्घाटन किया जाएगा। अस्पतालों के अंदर एक कमेटी का गठन भी होगा, जो मरीज को रेफर करने का काम करेगी। सरकार भी चाहती है कि जनता को अच्छा इलाज मिले। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की चिंता करते हुए सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम किया है। इसके अलावा भावांतर भरपाई योजना के तहत फसल के मूल्य के अंतर को पूरा करने का काम कर रही है। साथ ही गरीबों के लिए आवास उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है। भाजपा सरकार हरियाणा प्रदेश में मिशन मोड में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गांव किशनपुरा में सरपंच द्वारा रखी गई मांगों पर घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सभी मांगों को पूरा करवाया जाएगा और उन्होंने गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए अलग से देने की घोषणा की। गांव में पानी निकासी की समस्या काफी गंभीर है, जिसको प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने गांव गिरदारपुर की सरपंच को गांव की समस्या व मांगों को लिखित में देने को कहा और साथ ही गांव के विकास के लिए 21लाख रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम हल्का वासियों को मिलने के लिए तय किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने उनको बहुत अधिक प्यार और सम्मान दिया। उसी सम्मान की बदौलत ही प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वोटिंग के बाद पहली बार आपके गांव में पहुंचा हूं। सरकार बनाने में सहयोग करने पर गांव के सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज संविधान हत्या दिवस के 50 वर्ष पूरे हुए हैं। यह वो दिन है, जब 50 साल पहले इमरजेंसी घोषित की गई थी जो आजादी के बाद सबसे बड़ा और अंग्रेजों के बराबर का अत्याचार रहा है। हर व्यक्ति को भय बना हुआ था। करीब 1 लाख लोगों की जबरदस्ती नसबंदी कर दी गई थी। लोगों को मजबूरन अपने घरों से निकलकर ईख के खेतों में रहना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि आने वाली युवा पीढ़ी को इस तरह की घटनाओं के बारे में मालूम होना चाहिए। जब युवाओं को इतिहास का पता होगा तो वह दोबारा उस बुरे दौर को नहीं आने देंगे।

इस मौके पर उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, चेयरमेन श्री धर्मवीर मिर्जापुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *