सनातन धर्म की परंपराओं में बसती है भारतीय संस्कृति की आत्मा – कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

सनातन धर्म की परंपराओं में बसती है भारतीय संस्कृति की आत्मा - कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

चण्डीगढ़, 22 फरवरी – हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। पर्यावरण शुद्धि तथा आमजन को सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से 108 कुंडीय महायज्ञ जैसे भव्य आयोजन समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्री कृष्ण कुमार बेदी गत देर सायं जींद में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में जगतगुरु पीठाधीश चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 हरिओम जी महाराज के सान्निध्य में किये जा रहे 103वें महायज्ञ की महा आरती में शामिल होकर लोगों को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत की भूमि सदियों से संतों, ऋषि-मुनियों और महापुरुषों की तपोभूमि रही है। भारतीय संस्कृति का मूल आधार अध्यात्म, नैतिकता और मानवता के उच्च आदर्शों पर टिका हुआ है। हमारे संत-महापुरुषों ने अपने उपदेशों, तप और त्याग से समाज को सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाया है। प्राचीन काल से ही भारत में ज्ञान की परंपरा रही है। वेद, उपनिषद, पुराण और महाकाव्य जैसे ग्रंथों ने मानव जीवन को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जहां रामायण हमें मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन का संदेश देती है, वहीं महाभारत धर्म और अधर्म के संघर्ष के माध्यम से सत्य की विजय का संदेश देती है। इसी प्रकार भगवद्गीता जीवन के प्रत्येक संकट में कर्तव्य पालन, कर्मयोग और आत्मबल की प्रेरणा प्रदान करती है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *