इंग्लैंड के साथ मिलकर मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव: नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय योग मैराथन में की शिरकत

पंजाब की जनता पहले कांग्रेस से तंग थी अब आम आदमी पार्टी से हो गई है महातंग

पंजाब की जनता ने अब कमल खिलाने का बनाया मन

नैशनल टाइम्स ब्यूरो : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार इंग्लैंड के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। हर वर्ष अलग-अलग देश में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हर बार अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में अलग देश को शामिल किया जाता है। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को हरियाणा खेल विभाग, आयुष विभाग व जिला प्रशासन के तत्वावधान में ब्रह्म सरोवर पर आयोजित राज्य स्तरीय योग मैराथन के सफल आयोजन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता पहले कांग्रेस से तंग थी और अब आम आदमी पार्टी से महातंग हो चुकी है। इन दोनों सरकारों से तंग होने के बाद जनता ने अब पंजाब में भी कमल खिलाने का मन बना लिया है, क्योंकि दोनों पार्टियों ने पंजाब की जनता को सिर्फ सब्जबाग दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने केवल खुद के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने जनता के बारे में कुछ करना तो दूर उनके बारे में अच्छा सोचा तक नहीं है।

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के राज की कानून व्यवस्था को भलीभांति जानती है। अब प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। जहां भी कानून व्यवस्था का उल्लंघन होता है, वहां पर पुलिस जांच करके आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लेती है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना पर शोक प्रकट करते हुए प्रार्थना की कि भगवान दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में जगह दे। उन्होंने कहा कि घटना कब घट जाए, यह इंसान के बस की बात नहीं है। इस दुर्घटना में हमारे जिला की बेटी की भी जान गई है, जोकि बहुत ही दुखद समाचार है। ऐसे समय में पीड़ित परिवारों के हर तरह के सहयोग के लिए सरकार साथ खड़ी है।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, हरियाणा खेल विभाग के महानिदेशक एवं अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *