सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर भारतीय के दिल में धड़कता है: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 31 अक्तूबर- लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचायत भवन से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की और उन्होंने स्वयं भी दौड़ में शामिल होकर एकता का संदेश दिया।

एमएम कॉलेज मैदान तक आयोजित दौड़ में लगभग 30 हजार प्रतिभागी शामिल हुए। युवाओं, महिलाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा शहर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई।

राष्ट्रीय एकता दिवस – देश की अखण्डता का प्रतीक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करने का दिन है। आज हम सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती मना रहे हैं। लौह पुरुष पटेल ने जिस संकल्प, साहस और दूर दृष्टि से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी प्रेरणा स्रोत है। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को याद करते हुए सभी हरियाणा वासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

रन फॉर यूनिटी’ – राष्ट्र को जोड़ने का प्रतीकात्मक यज्ञ

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज की यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन का प्रतीक है। हरियाणा के सभी जिलों में लाखों नागरिक इस राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा बन रहे हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक कदम है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण अनुशासित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों से होता है। यह दौड़ हमें सहनशीलता, अनुशासन और सामूहिकता का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस संकल्प को सरदार पटेल ने आजादी के बाद शुरू किया था, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उसे आगे बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को समाप्त कर एक बार फिर देश की एकता और अखण्डता को सुदृढ़ किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सरदार पटेल की भावना के अनुरूप था, एक राष्ट्र, एक संविधान, एक तिरंगा। मुख्यमंत्री ने इस कदम को भारत की एकता को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया और कहा कि यह उस ‘अखंड भारत’ की भावना का प्रतीक है, जिसका सपना सरदार पटेल ने देखा था।

फतेहाबाद की जनता में दिखा जोश और देशभक्ति का जज़्बा

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फतेहाबाद में कार्यक्रम में उपस्थित हुए लोग इस बात का प्रमाण हैं कि सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर नागरिक के हृदय में जीवित है। उन्होंने कहा कि हमारी विविधता ही हमारी असली ताकत है। अलग-अलग भाषाएं, परंपराएं और संस्कृतियां होने के बावजूद हम सब भारतीय हैं। तन अनेक हैं, पर मन एक है। उन्होंने युवाओं को अपने संबोधन में कहा कि नई पीढ़ी को देश की एकता और अखण्डता की मशाल थामनी होगी।

सरदार पटेल – राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार थे

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को सच्चे अर्थों में ‘भारत की एकता का निर्माता’ कहा जा सकता है। आज़ादी के बाद गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने 562 रियासतों का विलय कर अखण्ड भारत का निर्माण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयासों से आज का भारत मजबूत और एकजुट है। उनके जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि देश की एकता सर्वोपरि है।

हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा दिवस (1 नवंबर) की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा की जनता अपनी मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर देशभर में उदाहरण पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में शौर्य, परिश्रम और एकता की खुशबू है। इसी भावना से आगे बढ़ना ही सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजली है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री दुड़ा राम, आईजी श्री पंकज नैन, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी श्री सिद्धांत जैन, चेयरमैन श्री भारत भूषण मिढ़ा, श्री सुरेंद्र आर्य, जिला परिषद अध्यक्ष श्री सुमन खीचड़, अतिरिक्त उपायुक्त श्री अनुराग ढालिया, एसडीएम श्री आकाश शर्मा, भाजपा ज़िलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी उपस्थित थे।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *