चंडीगढ़, 2 मार्च — हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बजट 2026-27 को प्रदेश के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास का मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ मंत्र से प्रेरित है और सहकारिता क्षेत्र को आत्मनिर्भर, बहुउद्देशीय और लाभकारी बनाने की दिशा में ठोस पहल करता है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि बजट वर्ष 2026-27 में सहकारिता क्षेत्र की आवंटित राशि में 70.36 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इसे बढ़ाकर 1,970 करोड़ रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ी हुई राशि सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, आधुनिकीकरण और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
