शोपियां (राजीव शर्मा): जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों की खतरनाक चाल सफल नहीं हो सकी। सुरक्षा बलों के काफिले को उड़ाने के इरादे से सड़क किनारे लगाए गए शक्तिशाली आईईडी को भारतीय सेना ने समय रहते खोजकर निष्क्रिय कर दिया। एक वरिष्ठ सेना अधिकारी ने बताया कि ये हमला सुरक्षा वाहनों को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया था, लेकिन सतर्कता ने बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
जैनापोरा-चितरगाम मार्ग पर बुधवार सुबह नियमित गश्त और साफ-सफाई के दौरान जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखी। इसके बाद तुरंत बम डिस्पोजल स्क्वायड को बुलाया गया, जिन्होंने आईईडी को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया। अधिकारी ने कहा कि आतंकियों का मकसद सुरक्षा बलों के काफिले पर हमला था, लेकिन सैनिकों की सतर्कता ने साजिश ध्वस्त कर दी।
सीमावर्ती इलाके में बढ़ी सतर्कता
शोपियां दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील क्षेत्र है, जहां हाल के महीनों में आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं। आईईडी ब्लास्ट सुरक्षा बलों के लिए बड़ा खतरा हैं। सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। स्थानीय लोगों से भी सहयोग मांगा गया है।
आतंकी मॉड्यूल पर नजर
जांच एजेंसियों को शक है कि ये IED पाकिस्तान से सक्रिय आतंकी हैंडलर्स के इशारे पर लगाया गया है। कश्मीर घाटी में IED तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। इस दौरान सेना ने पूरे रूट पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है।
शोपियां में IED का जाल फेल: सेना ने सुरक्षा वाहनों को निशाना बनाने की साजिश नाकाम की
