प्रकाश उत्सव से पहले पाकिस्तान की करतूत: सिख जत्थे को मिली इजाज़त, हिंदुओं को वाघा बॉर्डर से लौटाया गया

नैशनल टाइम्स ब्यूरो : आप्रेशन सिंदूर के बाद पहला सिख जत्था मंगलवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव (जन्मदिवस) के लिए पाकिस्तान गया, लेकिन पाकिस्तान द्वारा हिंदुओं को सीमा पार करने की अनुमति देने से इंकार करने के कारण यह खुशी फीकी पड़ गई।
हिंदुओं ने वाघा बॉर्डर पर सभी आव्रजन और यात्रा संबंधी औपचारिकताएँ पूरी कर ली थीं, तभी उन्हें रोककर वापस भेज दिया गया। भारतीय अधिकारियों ने इसे पाकिस्तानी अधिकारियों का एक चौंकाने वाला और अभूतपूर्व कदम बताया।
ननकाना साहिब के लिए एक विशेष बस में सवार होने से कुछ क्षण पहले हिंदुओं को सिखों से अलग करने की इस भेदभावपूर्ण कार्रवाई को ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों समुदायों के बीच दरार पैदा करने की इस्लामाबाद की एक जानबूझकर की गई कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। तीर्थयात्रियों के यात्रा दस्तावेजों में उनके धर्म का उल्लेख था और पाकिस्तानी अधिकारियों ने हिंदुओं को समूह से अलग करके वापस भेज दिया। हिंदू तीर्थयात्रियों ने सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों में मत्था टेकने की योजना बनाई थी। लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी और उन्हें वापस लौटना पड़ा।
उनमें दिल्ली के एक तीर्थयात्री अमर चंद भी थे, जो अपने परिवार के सात सदस्यों, जिनमें चार महिलाएँ भी शामिल थीं, के साथ यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे अटारी अंतर्राष्ट्र्रीय सीमा पार करके पाकिस्तान की ओर वाघा पहुँचे, सभी आव्रजन औपचारिकताएँ पूरी कीं और एक विशेष बस के टिकट भी खरीदे। जैसे ही वे बस में चढऩे वाले थे, पाकिस्तानी अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
उन्होंने कहा, पाकिस्तानी अधिकारियों ने हमसे कहा, तुम हिंदू हो तुम सिख जत्थे के साथ नहीं जा सकते। अमर और उनके परिवार को अपमानित और हताश होकर पैदल ही भारतीय सीमा में वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। लखनऊ से आए सात लोगों के एक और समूह को भी वापस भेज दिया गया।
एक खुफिया अधिकारी, जिन्होंने हिंदू तीर्थयात्रियों से बात की, जिन्हें वापस लौटने के लिए मजबूर किया गया, ने कहा, यह अभूतपूर्व है। पाकिस्तान भविष्य में भी ऐसी हरकतें दोहरा सकता है, यहाँ तक कि करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर साहिब जाने वाले हिन्दू तीर्थयात्रियों के साथ भी एैसा व्यवहार कर सकता है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से करतारपुर कॉरिडोर बंद है और सिख इसे फिर से खोलने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को पाकिस्तान जाने वाले तीर्थयात्रियों ने यह मांग दोहराई।
पाकिस्तान उच्चायोग ने 10 दिनों की यात्रा के लिए 2,100 से अधिक तीर्थयात्रियों को वीज़ा दिया था, लेकिन 1,796 तीर्थयात्री सीमा पार करने में सफल रहे। 300 से अधिक तीर्थयात्रियों को भारत की ओर रोक दिया गया क्योंकि उन्होंने वीज़ा के लिए आवेदन करते समय प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया था। रोके गए तीर्थयात्रियों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन हताश होकर उन्हें घर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बाकी तीर्थयात्री लाहौर पहुँचे जहाँ उनका पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा और पाकिस्तान निकासी ट्रस्ट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *