चंडीगढ़ (नवल किशोर): श्री सी.बी. ओझा, मुख्य अभियंता, यू.टी. चंडीगढ़ ने आज इंजीनियरिंग विभाग के अधीक्षण अभियंताओं, कार्यकारी अभियंताओं एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का दौरा कर प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सेक्टर-43 स्थित कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बन रहे मल्टी लेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। यह परियोजना बेसमेंट + ग्राउंड + 3 मंजिलों वाली है, जिसमें 1272 वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। कार्य की प्रगति का जायजा लेने के बाद उन्होंने संबंधित इंजीनियर-इन-चार्ज को निर्देश दिए कि भवन का कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण किया जाए, ताकि यह सुविधा अधिवक्ताओं एवं आम जनता के लिए शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।
इसके उपरांत, उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, यू.टी. चंडीगढ़ में कुरुक्षेत्र बॉयज़ हॉस्टल के विस्तार (जी+6) कार्य का निरीक्षण किया। इस भवन में विद्यार्थियों के लिए कुल 622 कमरे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि छात्रों को हॉस्टल सुविधा जल्द उपलब्ध हो सके।
मुख्य अभियंता ने एमबीबीएस छात्रों के लिए बन रहे बॉयज़ एवं गर्ल्स हॉस्टल ब्लॉक का भी निरीक्षण किया, जो जी+5 भवन है तथा इसमें 574 छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी। प्रगति की समीक्षा के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को भी अप्रैल के अंत तक पूर्ण कर भवन को छात्रों के उपयोग हेतु सौंपा जाए।
मुख्य अभियंता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में घटिया निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
