मुंबई (गुरप्रीत सिंह): कमेडियन समय रैना ने अपने विवादों से भरे शो “इंडियाज गॉट लेटेंट” के दूसरे सीजन को लेकर बड़ा संकेत दिया है। अपने नए स्टैंडअप शो ‘स्टिल अलाइव’ के दौरान उन्होंने पिछले साल फरवरी के उस बवाल पर भी खुलकर बोले, जिसने न सिर्फ उनके शो को यूट्यूब से हटाने पर मजबूर कर दिया बल्कि उनके और बाकी कलाकारों के खिलाफ कई FIR भी दर्ज हो गईं।
रणवीर अल्लाहबादिया के एक चुटकुले ने पूरे देश में हंगामा मचा दिया था। रैना ने जॉर्ज ऑरवेल का जिक्र करते हुए अपनी कश्मीरी पंडित जड़ों का हवाला देकर बताया कि उस विवाद ने उन्हें कितना तोड़ा। “मुझे लगता था मेरा शो इससे ज्यादा धमाकेदार तरीके से खत्म नहीं हो सकता,” उन्होंने हंसते हुए कहा। फिर फैंस के उत्साह पर बोले, “ये शो जरूर वापस लाऊंगा। मुझे वो पसंद था। बिना सेंसर वाला, खुला शो करना चाहता हूं। सॉफ्ट वर्जन बाद में देखना।”
28 साल के रैना ने बताया कि सबसे ज्यादा दुख तब हुआ जब उनके दोस्त व वेन्यू हैबिटेट क्लब के मालिक बलराज सिंह घई के बुजुर्ग माता-पिता पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते नजर आए। “रणवीर को जान से मारने की धमकी मिल रही थी, उनका परिवार डर गया। लोग मैसेज कर रहे थे ‘भाई क्या हो गया?’ मेरा दिल भर आया और फिर बलराज की पत्नी का वीडियो देखा—70 पार के माता-पिता पुलिस के सामने रो रहे थे। मैं वहीं टूट गया, रो पड़ा।”
मां के कॉल पर भी पहले रोना आया, बाद में बात करने पर उनकी कांपती आवाज ने हालत और खराब कर दी। रैना ने अपूर्वा माखीजा का भी नाम लिया, जो सिर्फ एक महिला-विरोधी कमेंट का जवाब दे रही थीं। खुद पर तीन FIR का जिक्र करते हुए बोले, “हमेशा डर था कि मेरी किसी बात पर फंस जाऊंगा। लेकिन उस एपिसोड में मैंने कुछ बोला ही नहीं, बस कोने में चुपचाप बैठा था। कश्मीरी लोग हमेशा क्रॉसफायर में ही पिसते हैं।”
रैना की ये बेबाकी फैंस को पसंद आ रही है। विवाद के 14 महीने बाद ‘स्टिल अलाइव’ से कमबैक ने साबित कर दिया कि वो हार मानने वालों में से नहीं। क्या IGL 2 पहले जितना ही कंट्रोवर्शियल होगा? फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
समय रैना ने दिए ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के संकेत, विवाद के दर्द और वापसी पर खुलकर की बात
