सरकार ओलंपिक, पैरा ओलंपिक और राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को बिना विलंब के दे रही है पुरस्कार राशि-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

सरकार ओलंपिक, पैरा ओलंपिक और राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को बिना विलंब के दे रही है पुरस्कार राशि-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

चंडीगढ़, 23 फरवरी- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सभी प्रकार की प्रतियोगिताओं के लिए 31 दिसंबर 2022 तक की नकद पुरस्कार राशि हरियाणा के पात्र खिलाड़ियों को वितरित की जा चुकी है। साथ ही, वर्ष 2023, 2024 और 2025 के ओलंपिक, पैरा ओलंपिक और राष्ट्रीय खेलों जैसी प्रतियोगिताओं की नकद पुरस्कार राशि भी बिना किसी देरी के वितरित कर दी गई है। वर्ष 2023, 2024 और 2025 की शेष नकद पुरस्कार राशि भी पात्र खिलाड़ियों को शीघ्र ही वितरित की जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षक अवार्ड हेतु कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 31 पात्र प्रशिक्षकों को कुल 3.56 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।

मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के पात्र छात्र खिलाड़ियों को संबंधित शैक्षणिक सत्र की समाप्ति पर छात्रवृत्ति दी जाती है। सरकार ने सत्र 2023-24 तक छात्रवृत्ति जारी कर दी है और सत्र 2024-25 के लिए जांच अंतिम चरण में है और इसे भी जल्द ही जारी किया जाएगा। वर्ष 2019 से 2023-2024 तक 14306 खिलाड़ियों को 44.74 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। इसके अतिरिक्त 1 जुलाई 2024 से सरकार ने पात्र खिलाड़ियों को समय पर नकद पुरस्कार राशि का सुचारु वितरण सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार पात्र खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार मासिक आधार पर नहीं बल्कि वार्षिक आधार पर देती है। वर्ष 2019 से अब तक 8234 खिलाड़ियों को 491.22 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *