मुख्यमंत्री ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की
नैशनल टाइम्स ब्यूरो : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आगामी 7 नवंबर से 9 नवंबर तक गुरुग्राम में होने वाली ’18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस -कम – एक्सपो 2025′ की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज संबंधित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन 7 नवंबर को केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 8 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह 9 नवंबर को समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। तीन दिवसीय इस कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न नगर निगमों के चेयरमैन तथा मेयर भी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी हरियाणा के लिए गर्व की बात है। यह कार्यक्रम सतत शहरी विकास, स्मार्ट परिवहन समाधानों और बुनियादी ढांचे के नवाचार में राज्य की प्रगति को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम शहरी परिवहन व गतिशीलता के क्षेत्र में उभरते मुद्दों, रुझानों, नवाचारों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करके देश एवं प्रदेश की प्रगति में सहायक सिद्ध होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में कॉन्क्लेव, शोध संगोष्ठी, पूर्ण सत्र, तकनीकी सत्र, पैनल चर्चाएं और इंटरेक्टिव प्रदर्शनियां शामिल होंगी। इनमें भारत समेत विभिन्न देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत से विशेषज्ञ, शोधकर्ता और प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त तकनीकी भ्रमण और धरोहर स्थल भी शामिल होंगे, जिनमें प्रतिनिधियों को क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और शहरी परिवहन पहलों की झलक देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, हरियाणा परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजा शेखर वुंडरू, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए. के सिंह , सूचना जनसंपर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग, हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री चंद्र शेखर खरे, एचएसआइआइडीसी के प्रबंध निदेशक श्री यश गर्ग, पर्सनल, ट्रेनिंग एंड पार्लियामेंटरी अफेयर्स विभाग के विशेष सचिव डॉ. आदित्य दहिया, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) श्रीमती वर्षा खांगवाल के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
