आदमावा (गुरप्रीत सिंह): उत्तरी-पूर्वी नाइजीरिया में घातक हमले में कम से कम 29 लोग मारे गए, चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हिंसा की जिम्मेदारी स्वीकार की।
घटना आदमावा राज्य के गॉम्बी में गयाकू क्षेत्र में घटी, जहां बंदूकधारियों ने कथित तौर पर समुदाय पर धावा बोलकर नागरिकों पर गोलीबारी की। स्थानीय अधिकारियों ने हताहतों की पुष्टि की व कहा कि आपातकालीन व सुरक्षा टीमें तुरंत स्थल पर भेजी गईं।
गवर्नर अहमदू उमरू फिन्टिरी ने हमले के बाद प्रभावित इलाके का दौरा किया व हत्याओं की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे गंभीर त्रासदी करार दिया व निवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार जिम्मेदारों पर कड़ा एक्शन लेगी।
सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र व आसपास अभियान तेज कर दिए हैं, अतिरिक्त कर्मियों को हमलावरों का पीछा करने व आगे हिंसा रोकने हेतु तैनात किया गया। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र को स्थिर करने व प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाने के प्रयास भी चल रहे हैं।
हमला नाइजीरिया के कुछ हिस्सों में बागी समूहों के लगातार खतरे को फिर रेखांकित करता है, जहां समुदायों को छिटपुट लेकिन घातक हमलों का सामना करना पड़ रहा।
अधिकारियों ने जांच जारी रहने व सुरक्षा बलों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में उपस्थिति बढ़ाने के बीच शांति की अपील की।
