राज्य सरकार का उद्देश्य योग युक्त, नशा-मुक्त और योगमय हरियाणा का निर्माण करना – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 10 जून : हरियाणा योग आयोग, हरियाणा विधानसभा एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस -2025 के आयोजन के निमित आज हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के 15 विधायकों एवं विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री कृष्ण लाल मिड्डा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योग युक्त, नशा-मुक्त और योगमय हरियाणा का निर्माण करना है। इस वर्ष देशभर में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक उत्सव की तरह मनाया जा रहा है, इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश में भी इसका आगाज 25 दिन पूर्व 27 मई को योग महोत्सव का आयोजन कर किया गया। तदोपरान्त विभिन्न विभागों, संस्थाओं, सेना, अर्ध सैनिक बलों को इसमें जोड़ा जा रहा है, जिससे आमजन को स्वास्थ्य संवर्धन के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि 21 जून को योग ऋषि स्वामी रामदेव के सानिध्य में गीता उपदेश स्थली ब्रह्मसरोवर, कुरुक्षेत्र पर 1 लाख से भी अधिक लोगों की भागीदारी के साथ योगाभ्यास किया जाएगा।

विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री कृष्ण लाल मिड्डा ने “करें योग, रहे निरोग”का संदेश देते हुए कहा कि हमें प्रतिदिन अपनी दिनचर्या में योग को अपनाना चाहिए। 21 जून को पूरे प्रदेशभर से लाखों नागरिक इस स्वास्थ्य अभियान का हिस्सा बनेंगे।

हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य के निर्देशन में आईडीवाई योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का संचालन हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. जसप्रीत कौर और प्रियंका योग प्रशिक्षक के रूप में मंच पर उपस्थित रहे। इसके साथ ही योगासन भारत के खिलाड़ियों देव एवं अभय द्वारा योगासन की अद्भुत प्रस्तुती दी गयी। प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का अभ्यास प्रार्थना से आरम्भ होकर सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान के पश्चात शांति पाठ के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, आयुष विभाग के महानिदेशक श्री संजीव वर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *