नारी शक्ति देश की धुरी: बेदी ने महिला आरक्षण के समर्थन में रखा पक्ष

चंडीगढ़ (बलविंदर सिंह): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज नारी शक्ति देश की सभी महत्वपूर्ण इकाइयों को चला रही है। देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पर जहां महामहिम द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं , वहीं देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण मजबूती से अर्थव्यवस्था को संभाल रही हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी आज हरियाणा विधानसभा में एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पक्ष में बोल रहे थे।

श्री बेदी ने कहा कि देश में कांग्रेस की सरकारें जनगणना और परिसीमन के समय सत्ता पर आसीन रही, लेकिन महिला आरक्षण के प्रति  कभी गंभीर नहीं हुईं। आज जब परिसीमन के साथ आरक्षण को जोड़ने की बात हो रही है तो विपक्ष को नुकसान नजर आ रहा है, जबकि इससे कोई नुकसान नहीं होगा।

उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग भ्रूण हत्या  का लाइसेंस देने का समर्थन करते थे, वे आज महिला सम्मान की बात का ढोंग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की पानीपत से शुरुआत की थी , तब हरियाणा के 21 में से 12 जिलों में कन्याओं का लिंगानुपात बहुत ही दयनीय स्थिति में था। उस वक्त 1000 लड़कों की तुलना में केवल 822 लड़कियां थीं। ऐसे संकट के समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राज्य से कन्या भ्रूण हत्या का कलंक मिटाने का काम किया और बेटी बचाओ , बेटी पढ़ाओं का नारा देकर जागरूकता फैलाई।

श्री बेदी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री  ने महिलाओं की सुरक्षा की बात की, तब भी कांग्रेस ने समर्थन नहीं दिया। हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए बाल्यावस्था से ही शिक्षा और स्वास्थ्य का प्रबंध किया है। हरियाणा में लड़कियों को ग्रेजुएशन तक फ्री शिक्षा दी जा रही है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा “विपक्ष हमेशा ‘किसान-किसान’ कर रहा है, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एमएसपी पर किसानों की 24 फसलें खरीदने का ऐतिहासिक कार्य किया है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसके अलावा ‘हर घर जल’ योजना से हर घर में नल पहुंचाया और महिलाओं की सुरक्षा के लिए घरों में शौचालय बनाकर उन्हें सम्मान दिया है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *